पत्नी की संदिग्ध मौत के बाद जिला अस्पताल के बाहर फूटा परिजनों का गुस्सा, पति की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्का जाम, पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद प्रशासन के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले की मनासा तहसील के ग्राम बालागंज निवासी पूजा, पति बल्लू ओड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जिला चिकित्सालय परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। परिजनों ने मृतका के पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला चिकित्सालय के कंट्रोल रूम के सामने चक्का जाम कर धरना शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पूजा का पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर उसने फांसी लगा ली। पहले पूजा को मनासा अस्पताल ले जाया गया, जहां से सुबह करीब 9 बजे जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसी दौरान मृतका का जेठ मौके पर पहुंचा तो भीड़ ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की कर दी, जिसे पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, तहसीलदार, एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देते हुए मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्का जाम समाप्त हुआ और यातायात व्यवस्था बहाल कर दी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Top