45 किलो डोडाचूरा के साथ एस-क्रॉस कार जब्त, राजस्थान का तस्कर नीमच सिटी पुलिस के हत्थे चढ़ा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मुख्यमंत्री एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 45 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा, एक एस-क्रॉस कार और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी सुश्री किरण चौहान के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 29 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर नीमच-मनासा रोड स्थित ग्राम गिरदौड़ा के पास नायक कृषि फार्म हाउस के सामने नाकाबंदी की। इस दौरान सफेद रंग की एस-क्रॉस कार (GJ 06 JE 8907) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें दो काले कट्टों में भरा 45 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार चला रहे आरोपी महेन्द्रराम पिता श्यामलाल सारण (विश्नोई), उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बावरला, थाना डांगीयावास, जिला जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। अवैध मादक पदार्थ और वाहन जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना नीमच सिटी पुलिस और साइबर सेल की भूमिका सराहनीय रही।

Top