नीमच टुडे न्यूज़ | राष्ट्रीय संघर्ष समिति ईपीएफओ-95 जिला नीमच एवं सहकारी बैंक पेंशनर संघ की संयुक्त तहसील स्तरीय बैठक जनपद कार्यालय नीमच में आयोजित हुई। बैठक में ईपीएफओ कार्यालय उज्जैन से मोहित कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष बृजेंद्र प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद क्षेत्रीय कार्यालय नीमच सिटी में भी बैठक आयोजित कर आगामी कार्यक्रमों पर मंथन किया गया। बैठक में सितंबर में होने वाली वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) की तैयारियों पर चर्चा हुई। साथ ही प्रत्येक सदस्य से 500 रुपये सहयोग राशि लेने का प्रस्ताव रखा गया। 5 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित राष्ट्रीय रैली में जिले से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। मनासा और जावद तहसील में भी जल्द त्रैमासिक बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में संभाजी राव जाधव, गोपाल कृष्ण शर्मा, विश्वास जोशी, प्रकाश जैन, गौतम अहीर, कन्हैयालाल मोनिया, भंवरलाल सगर, कैलाश चंद्र प्लास, एस.पी. नागर, शमशाद अली सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।