नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की आगामी 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच ने समरसता संकल्प अभियान के तहत गुरु पूर्णिमा पर भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 650 दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम में संत रविदास के समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना से जोड़ना है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दीपों की रोशनी से भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर आलोकित हो उठा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने सामाजिक समरसता, समान अवसर और आपसी सद्भाव को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।