गुरु पूर्णिमा पर शासकीय कन्या महाविद्यालय में यज्ञ, गुरुजनों का सम्मान और भारतीय ज्ञान परंपरा पर हुआ मंथन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच स्थित श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित हुआ। प्रथम चरण में एक कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कालानी, महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्राओं ने सहभागिता की। यज्ञ का संचालन श्रीमती कांति अविनाश ने कराया। इसके बाद सरस्वती पूजन के साथ गुरु सम्मान समारोह का शुभारंभ हुआ। समारोह में महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. आर.एस. वर्मा एवं पूर्व प्राचार्या डॉ. मीना हरित का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. वर्मा ने भारतीय ज्ञान परंपरा में गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को माता-पिता का सम्मान करने, अनुशासित जीवन अपनाने और निरंतर सीखने की प्रेरणा दी। वहीं डॉ. मीना हरित ने अपने अनुभव साझा करते हुए परिश्रम और संस्कारों का महत्व बताया। कार्यक्रम में बीए प्रथम वर्ष की छात्राओं अक्षिता, पूजा, संजू और गहना ने भी गुरु पूर्णिमा पर अपने विचार व्यक्त किए। प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कालानी ने अतिथियों को शॉल, श्रीफल एवं तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही अतिथियों के हाथों महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों को भी तुलसी के पौधे प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हीरसिंह राजपूत ने किया तथा आभार डॉ. बीना चौधरी ने व्यक्त किया।

Top