नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जिले में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जावद एसडीएम संजीव साहू के मार्गदर्शन में तहसील सिंगोली के ग्राम जाट (टप्पा रतनगढ़) में राजस्व विभाग ने शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। राजस्व अभिलेखों के अनुसार सर्वे क्रमांक 439/1/3 की करीब 0.10 हेक्टेयर भूमि पर अवैध रूप से पत्थर की दीवार और बाड़ा बनाकर कब्जा किया गया था। शिकायत मिलने के बाद नायब तहसीलदार रूपसिंह राजपूत के नेतृत्व में राजस्व अमला, जाट पुलिस चौकी और ग्राम पंचायत की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन की सहायता से अतिक्रमण हटाकर भूमि को पुनः शासन के कब्जे में लिया गया। प्रशासन के अनुसार मुक्त कराई गई शासकीय भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 10 लाख रुपये है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।