नीमच टुडे न्यूज़ | मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई तक चलाए गए प्रदेशव्यापी 'नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0' के तहत नीमच जिले में बुधवार को जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रही। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में पुलिस लाइन कनावटी में हरित प्रदेश अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। इस दौरान एसपी ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस परिवारों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया, कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, महिला थाना प्रभारी भीम सिंह सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे।
इसी अभियान के तहत 'खेलों से जुड़ो, नशे को छोड़ो' संदेश के साथ दशहरा मैदान पर आयोजित पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले भी खेले गए। रोमांचक मुकाबलों में ईगल फुटबॉल क्लब और एनएफए ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों टीमों के बीच अब पुलिस कप का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। नीमच पुलिस ने आमजन से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने और स्वयं के साथ दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की।