थड़ोली बनेगा 'स्वस्थ ग्राम', आरोग्य भारती की कार्यशाला में स्वच्छता, योग और नशा मुक्ति का दिया संदेश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | आरोग्य भारती जिला नीमच के तत्वावधान में ग्राम थड़ोली को 'स्वस्थ ग्राम योजना' के तहत विकसित करने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में आरोग्य भारती के अखिल भारतीय स्वस्थ ग्राम योजना प्रमुख एवं मध्य क्षेत्र संयोजक भोलनाथ जी ने पीपीटी के माध्यम से ग्रामीणों को स्वस्थ ग्राम की अवधारणा और उसके विभिन्न आयामों की जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, योग, प्राथमिक उपचार, औषधीय पौधारोपण, घरेलू उपचार और विद्यालय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नियमित संचालन पर जोर दिया। मालवा प्रांत अध्यक्ष डॉ. विष्णुसेन कछावा और जिला अध्यक्ष अजय भटनागर ने भी ग्रामीणों को स्वस्थ ग्राम अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। बालाजी धाम समिति के सचिव लोकेश कारपेंटर ने ग्राम विकास के कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आरोग्य भारती के पदाधिकारियों और 150 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान औषधीय पौधों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा पौधारोपण भी किया गया।

Top