705 किलो डोडाचूरा, पिस्टल और कारतूस के साथ तस्कर गिरफ्तार; कंजार्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच "नशे से दूरी है ज़रूरी" अभियान 2.0 के तहत नीमच पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 705 किलोग्राम डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन जब्त किए हैं। कार्रवाई चौकी कंजार्डा एवं थाना मनासा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि बोलेरो पिकअप से अवैध डोडाचूरा की तस्करी की जा रही है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन और एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी तथा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की गई। वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी लेने पर उसमें से 705 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि तस्करों ने पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने और मुख्य वाहन को सुरक्षित निकालने के लिए एक मोटरसाइकिल से पायलटिंग की व्यवस्था कर रखी थी। पुलिस ने बोलेरो पिकअप, मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस सहित करीब 22.11 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है गिरफ्तार आरोपी की पहचान शीतल पिता प्रहलाद धाकड़, निवासी कंवरपुरा मोहन नगर, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था, इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

Top
https://satudata.kemenpora.go.id/