नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जाट चौकी पुलिस ने रतनगढ़-जाट रोड पर कार्रवाई करते हुए 2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की कीमत करीब 12.25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को जाट चौकी पुलिस टीम रतनगढ़-जाट रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल सहित रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान आरोपी की टी-शर्ट के नीचे छिपाई गई प्लास्टिक की थैली से 2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंशुल पिता जगदीशचंद्र धाकड़ (24) निवासी ग्राम सूखपुरा, तहसील बिजोलिया, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अफीम किससे लेकर आया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में सप्लायर और खरीदार को भी सह-आरोपी बनाया है तथा पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर, जाट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह राठौर एवं उनकी टीम ने की।