नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार जनपद पंचायत नीमच के सभाकक्ष में सांझा चूल्हा योजना अंतर्गत टेक होम राशन उपलब्ध कराने वाले स्व-सहायता समूहों के अध्यक्षों, सचिवों और प्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और पौष्टिक टेक होम राशन उपलब्ध कराना रहा। कार्यशाला में शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार राशन निर्माण, सुरक्षित भंडारण, पैकेजिंग, गुणवत्ता मानकों तथा वितरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों को 725 ग्राम तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को 850 ग्राम पूरक पोषण आहार प्रति पैकेट की दर से प्रत्येक माह दो चरणों में वितरित किया जाएगा। समूहों को स्वच्छता के साथ मास्क, ग्लव्स, एप्रन और हेड कैप का उपयोग कर राशन तैयार करने एवं पैकिंग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। प्रशिक्षण में पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से फेस रिकग्निशन आधारित सत्यापन, द्विपक्षीय पावती पत्रक, खाद्य सुरक्षा मानकों और नियमित गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया भी समझाई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटिया गुणवत्ता का राशन मिलने पर संबंधित समूह का भुगतान रोका जाएगा, अनुबंध निरस्त किया जाएगा तथा आवश्यक होने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। कार्यशाला में जनपद सदस्य एवं महिला एवं बाल विकास समिति के सभापति रतनलाल मालवत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।