धनेरिया कलां में नारायणी सेना की अहम बैठक, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर जिलेभर में निकलेगी भव्य शोभायात्रा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच आगामी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए अहीर यादव समाज नारायणी सेना की जिला स्तरीय बैठक रविवार को धनेरिया कलां में जिला अध्यक्ष हरीश अहीर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नीमच जिले की जिला, तहसील, नगर एवं ग्रामीण इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ राजस्थान से आए समाजजनों ने भी भाग लिया। इस दौरान समाज के विभिन्न सुझावों और प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पूरे जिले में उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। आयोजन के तहत भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां, भव्य वाहन रैली, डीजे और चल समारोह के साथ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। इसके अलावा समाज के परिचय सम्मेलन के आयोजन का प्रस्ताव भी रखा गया, जिस पर आगामी बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक में अहीर यादव समाज नारायणी सेना को जिलेभर में और अधिक मजबूत एवं संगठित बनाने पर भी मंथन हुआ। अंत में भोजन प्रसादी के साथ बैठक का समापन हुआ।

Top
https://satudata.kemenpora.go.id/