नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच संगत म्युजिकल ग्रुप द्वारा आयोजित "एक शाम शहर के संगीत प्रेमियों के नाम" कार्यक्रम दशहरा मैदान स्थित टाऊहा में उत्साह और सुरों की मधुर प्रस्तुति के साथ संपन्न हुआ। शुक्रवार रात आयोजित इस कार्यक्रम में मोहम्मद रफी, मुकेश और किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जे.एस. संगत, लता संगत, गौरव कुमार संगत, राजेश यादव, मनोहर साहू और आदित्य तिवारी सहित कलाकारों ने एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। "तू बहुत याद आया", "यू ही तुम मुझसे बात करती हो", "जाने जा ढूंढता फिर रहा", "पल पल दिल के पास", "तुझको पुकारे मेरा प्यार" और "क्या हुआ तेरा वादा" जैसे गीतों पर उपस्थित संगीत प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में ज्ञानोदय यूनिवर्सिटी की चांसलर डॉ. माधुरी चौरसिया, अनिल चौरसिया सहित कई गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी मौजूद रहे। देर रात तक चली इस सुरमयी संध्या का शहर के संगीत प्रेमियों ने भरपूर आनंद लिया।