नीमच टुडे न्यूज़ | जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़वालिया में 39 वर्षीय व्यक्ति की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान दुर्गाशंकर पिता लच्छूराम मीणा (39) निवासी खेड़वालिया के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दुर्गाशंकर ने रविवार रात अपने घर पर अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए जीरन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से नीमच लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। जीरन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में मृतक ने जहरीला पदार्थ खाया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस परिजनों सहित संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।