नीमच टुडे न्यूज़ | शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मुकेश कालरा ने विद्युत वितरण कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले माह मेंटेनेंस के नाम पर शहरभर में 4 से 5 घंटे की बिजली कटौती की गई थी, ताकि गर्मी में फॉल्ट और बिजली बाधित होने जैसी समस्याएं न हों। बावजूद इसके पिछले 15 दिनों से शहर में लगातार बिजली गुल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि न तो मानसून आया और न ही कोई बड़ा तूफान, फिर भी आए दिन बिजली बंद हो रही है। शिकायत करने पर उपभोक्ताओं को संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। हाल ही में तीन डीपी में आग लगने की घटनाओं पर भी कालरा ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि मेंटेनेंस सही तरीके से हुआ था तो डीपी में विस्फोट क्यों हो रहे हैं। कालरा ने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस कार्य केवल खानापूर्ति बनकर रह गया है। उन्होंने विद्युत कंपनी से तत्काल समस्याओं का समाधान करने की मांग की।