नीमच टुडे न्यूज़ | सिंगोली (नीमच)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तारापुर के प्रसिद्ध जादूगर ढोंढुराम द्वारा अनोखा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वे अपनी जादुई कला और अभिनय के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इसी क्रम में जादूगर ढोंढुराम सिंगोली पहुंचे, जहां उन्होंने पुराना बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर बच्चों और ग्रामीणों को जादू के करतब दिखाकर स्वच्छता का संदेश दिया। खेल-खेल में बच्चों को अच्छी आदतें अपनाने और जल बचाने की सीख दी गई। नया बस स्टैंड, डाक बंगला और पुलिस थाना चौराहा सहित कई स्थानों पर उन्होंने मोनो एक्टिंग के जरिए लोगों को गंदगी से होने वाले नुकसान और पानी की महत्ता समझाई। उनके प्रदर्शन को लोगों ने खूब सराहा। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन, सीएमओ कपिलसिंह राजावत सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।