नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच म.प्र. राज्य सफाई कामगार आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया ने कहा है कि सफाई कामगार परिवारों के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। इसके लिए कौशल उन्नयन प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएं। वे बुधवार को नीमच में जिला अधिकारियों, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं सफाई कामगार संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में एडीएम बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एन.एस. सिसोदिया, परियोजना अधिकारी पराग जैन, नीमच सीएमओ दुर्गा बामनिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आयोग अध्यक्ष ने सफाई कामगारों के रिक्त पदों, नियमितीकरण, वेतन-भत्ते, पेंशन, पीएफ, ईएसआई एवं अनुकंपा नियुक्ति जैसे विषयों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई कामगारों को नियमानुसार अवकाश एवं मृत्यु प्रकरणों में उपादान राशि का समय सीमा में भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान और बीमा योजनाओं में सफाई कामगार परिवारों की भागीदारी बढ़ाने तथा उनके लिए आवासीय कॉलोनी एवं व्यावसायिक दुकानों के निर्माण पर भी जोर दिया।