संभागायुक्त आशीष सिंह ने कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में दिए निर्देश, राजस्व प्रकरण समय सीमा में निपटाने पर जोर | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच संभागायुक्त आशीष सिंह की अध्यक्षता में उज्जैन संभाग की कलेक्टर कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई, जिसमें राजस्व, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर मौजूद रहे। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के लंबित प्रकरण एक माह में समाप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी के तहत समय सीमा से बाहर होने वाले प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों पर पेनाल्टी लगाई जाए।

साथ ही सीमांकन प्रकरण बिना उचित कारण के निरस्त नहीं किए जाएं। नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बताया कि जिले में सीमांकन के कोई प्रकरण लंबित नहीं हैं। बैठक में गेहूं खरीदी, परिवहन एवं भंडारण की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं के अनिवार्य पंजीयन, टीकाकरण और स्वास्थ्य निगरानी पर जोर दिया गया। वहीं कुपोषण कम करने और नवजात बच्चों की सही फीडिंग के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मास्टर ट्रेनर बनाने का निर्णय लिया गया। रतलाम में आयोजित प्रशिक्षण में नीमच की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया जाएगा।

Top