बच्चों का सर्वांगीण विकास विकसित मध्यप्रदेश 2047 की आधारशिला : मंत्री निर्मला भूरिया | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास ही विकसित मध्यप्रदेश 2047 की मजबूत नींव बनेगा। वे बुधवार को होटल कोर्टयार्ड मैरियट में महिला एवं बाल विकास विभाग एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘चाइल्ड बजटिंग इन मध्यप्रदेश’ प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित कर रही थीं। मंत्री भूरिया ने बताया कि वर्ष 2026-27 के बजट में बच्चों के विकास के लिए रिकॉर्ड 26 प्रतिशत वृद्धि की गई है।

स्वास्थ्य एवं पोषण क्षेत्र के लिए 23 हजार 747 करोड़ रुपये तथा शिक्षा पर कुल बजट का 13.7 प्रतिशत हिस्सा आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के विकास के लिए केवल महिला एवं बाल विकास विभाग ही नहीं, बल्कि 19 विभागों को मिलकर कार्य करना होगा। जिलों की आवश्यकताओं के अनुसार योजनाएं बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना जरूरी है कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास आयुक्त निधि निवेदिता, यूनिसेफ के विलियम हैनलोन एवं क्रिस्टीना पोपीवानोवा ने भी बच्चों के हित में परिणाम आधारित बजटिंग और विभागीय समन्वय पर जोर दिया।

Top