नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच/भोपाल आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी. नवीन कुमार अग्रवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देशभक्ति और त्याग का संदेश हमेशा आम जनता को ही क्यों दिया जाता है, जबकि जनप्रतिनिधि और अधिकारी वर्ग सरकारी सुविधाओं का खुलकर उपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव समाप्त होते ही देश में आर्थिक संकट और विदेशी मुद्रा भंडार की चिंता जताई जा रही है, लेकिन दूसरी ओर नेताओं की विदेशी यात्राएं, रोड शो और वीआईपी सुविधाएं लगातार जारी हैं। अग्रवाल ने सवाल उठाया कि यदि आमजन से डीजल, पेट्रोल, खाद्य तेल और अन्य खर्च कम करने की अपील की जा रही है तो क्या जनप्रतिनिधियों को भी सरकारी विलासिता छोड़कर उदाहरण पेश नहीं करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करे और बताए कि देश का कर्ज इतनी तेजी से कैसे बढ़ा। अग्रवाल ने कहा कि देशहित में त्याग की शुरुआत नेताओं और अधिकारियों से होनी चाहिए।