नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जीरन तहसील के ग्राम चीताखेड़ा में एक सीमित क्षेत्र में लगातार कैंसर मरीज सामने आने की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। ग्रामीणों द्वारा जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच की मांग की गई थी, जिस पर कलेक्टर डॉ. हिमांशु चंद्रा ने स्वास्थ्य विभाग को जांच के निर्देश दिए। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कैंसर जांच शिविर आयोजित किया। ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. विजय भारती ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सलाह दी और तंबाकू, शराब व धूम्रपान से दूर रहने की अपील की। शिविर में 8 कैंसर पीड़ित मरीज पहुंचे, जिन्होंने बताया कि उनका इलाज अहमदाबाद और उदयपुर में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में कैंसर सर्वे भी शुरू किया और संभावित कारणों की जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जांच के बाद बीमारी की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
