कुकड़ेश्वर में बिना लाइसेंस नमकीन फैक्ट्री पर कार्रवाई, 1385 किलो सामग्री जप्त, योग शिविर में 21 लोगों ने किया अभ्यास | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को कुकड़ेश्वर और रामपुरा क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुकड़ेश्वर स्थित मैसर्स श्री साईं कृपा नमकीन फैक्ट्री में अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में बिना वैध लाइसेंस नमकीन निर्माण, पैकिंग और विक्रय किया जाना पाया गया। पैकिंग पर आवश्यक जानकारी भी अंकित नहीं थी।

टीम ने फैक्ट्री को तत्काल शटडाउन करवाकर 1385 किलोग्राम नमकीन जप्त किया, जिसकी कीमत करीब 22 हजार 600 रुपए बताई गई। मौके से नमकीन, मसाले, तेल और अन्य सामग्री के कुल 11 नमूने जांच के लिए लिए गए। संबंधित संचालक को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया गया है। वहीं रामपुरा स्थित सांवलिया दुग्ध डेरी से पनीर, दूध, दही और घी के नमूने भी जांच हेतु लिए गए। दूसरी ओर आयुष विभाग द्वारा जमुनिया कला में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 21 लोगों को योगाभ्यास कराया गया।

Top