नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर महिला कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और आगामी रणनीति तय करने के उद्देश्य से महिला कांग्रेस की मंदसौर जिला प्रभारी यास्मीन शैरानी शनिवार, 16 मई 2026 को मंदसौर दौरे पर रहेंगी। वे दोपहर 12 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर महिला कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में शामिल होंगी। महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव राखी सत्रावाला ने बताया कि बैठक में जिला महिला कांग्रेस के विस्तार, नई कार्यकारिणी गठन और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही महिला कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी भी ली जाएगी। बैठक के दौरान जिलेभर से आई महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे, ताकि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाया जा सके। यास्मीन शैरानी बैठक के बाद अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को सौंपेंगी। महिला कांग्रेस ने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से बैठक में उपस्थित रहने की अपील की है।