विधायक परिहार एवं जिपं अध्यक्ष चौहान ने कृषि रथ को दिखाई हरी झंडी, किसानों को मिलेगी आधुनिक तकनीक की जानकारी | @NeemuchToday
नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाए जाने के तहत किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी देने के उद्देश्य से शुक्रवार को 10 दिवसीय कृषि रथ अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला मुख्यालय नीमच से विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जिला पंचायत सदस्य मनीषा धाकड़, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम संजीव साहू सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के तहत जिले के तीनों विकासखंड नीमच, जावद और मनासा के गांवों में कृषि रथ अगले दस दिनों तक भ्रमण करेगा। प्रतिदिन 3 से 4 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण, बीज उपचार, जल संरक्षण, समन्वित कीट एवं रोग प्रबंधन सहित शासन की कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। कृषि रथ के साथ कृषि वैज्ञानिक एवं पशुपालन, उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी और मत्स्य पालन विभाग के विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे, जो किसानों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें आधुनिक खेती के लिए प्रेरित करेंगे।

Top