नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार अब संपत्ति रजिस्ट्री के लिए उप पंजीयन कार्यालय को कलेक्ट्रेट से स्थानांतरित कर संयुक्त तहसील कार्यालय नीमच के सुविधायुक्त कक्षों में संचालित किया जा रहा है। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय परिसर में बैठने और पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। उप पंजीयक माधव खेर ने बताया कि नए भवन में संचालन शुरू होने के पहले ही दिन 25 संपत्तियों की रजिस्ट्री की गई। रजिस्ट्री कराने पहुंचे पक्षकारों ने नए कार्यालय को अधिक सुविधाजनक बताया।
वहीं दूसरी ओर जिले में विस्फोटक भंडारण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आया। एसडीएम जावद प्रीति संघवी, एसडीओपी अमित राठौर एवं राजस्व अधिकारियों की टीम ने सिंगोली तहसील के विभिन्न गांवों में स्थित मैगजीनों और भंडारण केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था, अभिलेख संधारण और परिसर सुरक्षा की जांच की गई। अधिकारियों ने संबंधित लाइसेंसधारकों को विस्फोटक अधिनियम के नियमों का सख्ती से पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
