नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नीट पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार शाम जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर में विशाल मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भारतमाता चौराहा से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः वहीं समाप्त हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” और “नीट घोटाले की निष्पक्ष जांच करो” जैसे नारे लगाए। मशाल रैली के बाद युवा कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि केंद्र सरकार की नाकामी और भ्रष्टाचार के कारण लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में चला गया है। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, मुकेश कालरा, डॉ. पृथ्वी सिंह वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।