जलेश्वर महादेव सड़क निर्माण अधूरा, विभागीय तालमेल की कमी से श्रद्धालुओं को हो रही भारी परेशानी | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | हरवार विधानसभा क्षेत्र नीमच की ग्राम पंचायत हरवार अंतर्गत प्रसिद्ध प्राकृतिक तीर्थ स्थल जलेश्वर महादेव तक पहुंचने वाली सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुरू किया गया यह निर्माण कार्य अब विभागीय लापरवाही और आपसी समन्वय की कमी का शिकार बन गया है। हरवार से लगभग एक किलोमीटर तक तालाब किनारे सड़क का डामरीकरण और पुलिया निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन इसके आगे सड़क निर्माण पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार आगे का क्षेत्र वन विभाग की भूमि में आता है, जिसके कारण वन विभाग और राजस्व विभाग के बीच अनुमति और समन्वय का मामला अटका हुआ है। इसी वजह से ठेकेदार भी निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ा पा रहा है। जलेश्वर महादेव क्षेत्र धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। अधूरी सड़क के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि बारिश के मौसम में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर जल्द सड़क निर्माण पूरा कराया जाए।

Top