नीमच टुडे न्यूज़ | रतनगढ़ स्थित बरेखन गौशाला में अधिक मास के प्रथम दिवस सोमवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा का वाचन मालवा के प्रसिद्ध संत Pandit Kamal Kishore Nagar द्वारा किया जा रहा है। कथा प्रारंभ से पहले नगर में भव्य कलश यात्रा और शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मातृशक्तियां सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं, वहीं बैंड-बाजे और ढोलक की धुन पर गोसेवक एवं भक्त भजनों पर झूमते नजर आए।
यात्रा में मालवा-निमाड़ क्षेत्र से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन समिति द्वारा 101 कलश वितरित किए गए। कथा के दौरान पंडित कमल किशोर नागर ने कहा कि कथा और भक्ति दोनों ही हरि स्वरूप हैं। उन्होंने लोगों से भजन-कीर्तन और पुण्य कर्मों की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में धन-संपत्ति छूट सकती है, लेकिन पुण्य हमेशा साथ रहता है। कथा पंडाल में श्रद्धालुओं द्वारा चार चरणों में “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र जाप किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कथा में बाल संत श्री गोविंद की विशेष उपस्थिति भी रही।