नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगर पालिका परिषद का वार्ड नंबर 8 इन दिनों सड़क निर्माण को लेकर विवादों में घिर गया है। आरोप है कि पूरी सड़क का टेंडर स्वीकृत होने के बावजूद केवल आधी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस मामले को लेकर क्षेत्र के रहवासियों सहित भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में पहले से बनी सड़कों का दोबारा निर्माण कराया जा रहा है, जबकि जरूरतमंद क्षेत्र की अनदेखी की जा रही है। भाजपा कार्यकर्ता और रहवासी नरेंद्र शर्मा ने नपा प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि जनसमस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। रहवासियों का कहना है कि अधूरी सड़क से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ेगा और आवागमन प्रभावित होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द पूरी सड़क नहीं बनी तो आंदोलन किया जाएगा।