नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर-नीमच-जावरा संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता का जन्मदिवस इस वर्ष सेवा, सादगी और राष्ट्रहित की भावना के साथ मनाया गया। सांसद ने अपने जन्मदिन को “सेवा पर्व” के रूप में समर्पित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश “राष्ट्रहित प्रथम” को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। मंदसौर में उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि इस बार पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ई-रिक्शा और इलेक्ट्रॉनिक वाहनों का उपयोग किया गया और पेट्रोल-डीजल की खपत को कम करने का प्रयास किया गया।
जन्मदिवस पर मंदसौर, नीमच, जावरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य किए। गौशालाओं में गौसेवा, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, फल वितरण और अन्नसेवा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। नीमच रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को शीतल जल वितरित किया गया। विभिन्न गौशालाओं में गौपूजन कर सांसद के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। सांसद ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा और जनकल्याण ही उनका सबसे बड़ा उद्देश्य है।