नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप द्वारा वरिष्ठ पत्रकार एवं मीसाबंदी स्व. गोपाल खण्डेलवाल की पुण्यतिथि पर निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शिविर में कुल 125 मरीजों का परामर्श किया गया, जिनमें 65 न्यूरोलॉजी और 60 यूरोलॉजी से जुड़े मरीज शामिल रहे। ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ने बताया कि सुबह से ही पंजीयन के लिए मरीजों की लंबी कतारें लग गई थीं। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों को निःशुल्क जांच और परामर्श दिया गया, जिससे लोग संतुष्ट नजर आए। पारस हॉस्पिटल उदयपुर के न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. तरुण माथुर ने कहा कि तनाव और अनियमित जीवनशैली के कारण न्यूरोलॉजी संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। वहीं यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. मुकेश सेवाग ने किडनी और यूरिन संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। शिविर में चिकित्सकों और समाजसेवियों का सम्मान किया गया। आयोजन को जनसेवा की सराहनीय पहल बताया गया।