नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में राजस्व विभाग ने आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण की दिशा में एक और कार्रवाई करते हुए ग्राम पालसोड़ा में किसानों के खेत तक जाने का अवरुद्ध रास्ता बहाल कराया। किसान रमेशचंद्र शर्मा एवं रामलाल शर्मा ने खेत तक पहुंच का रास्ता बंद होने की शिकायत जिला प्रशासन से की थी। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम और तहसीलदार को तत्काल मौके पर पहुंचकर रास्ता खुलवाने तथा अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में राजस्व विभाग की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया, संबंधित पक्षों से चर्चा की और आवश्यक राजस्व प्रक्रिया पूरी करने के बाद रास्ते से अवरोध हटवा दिया। इसके बाद किसानों के खेत तक आवागमन फिर से सुचारु हो गया। रास्ता बहाल होने पर दोनों किसानों ने जिला प्रशासन, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और राजस्व विभाग का आभार व्यक्त करते हुए त्वरित कार्रवाई की सराहना की। जिला प्रशासन ने कहा कि आमजन से जुड़े राजस्व प्रकरणों और अन्य शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं न्यायसंगत निराकरण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार की त्वरित कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।