मंदसौर में अफीम तस्करी पर बड़ा प्रहार, नाहरगढ़ पुलिस ने 4 किलो अवैध अफीम के साथ तस्कर को दबोचा, बाइक भी जब्त | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर जिले की नाहरगढ़ थाना पुलिस ने 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से अवैध अफीम लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर डीगांव-बसई रोड स्थित बालाजी मंदिर के सामने बेटीखेड़ी फंटे पर नाकाबंदी की गई।

इसी दौरान हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 4 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गरोठ निवासी 35 वर्षीय मुकेश पिता शंकरलाल ढोली के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ नाहरगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी वरुण तिवारी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान अफीम के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।

Top