नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के कमलिया बरखेड़ा गांव में 12 वर्षीय बच्ची को सांप ने काट लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने स्नेक रेस्क्यूअर से संपर्क किया। मौके पर पहुंचे सर्प विशेषज्ञ ने बिना देरी किए बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। समय पर उपचार मिलने से बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अस्पताल पहुंचकर स्नेक रेस्क्यूअर ने बच्ची का हालचाल जाना और परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेना जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसी स्थिति में मरीज को शांत रखते हुए बिना समय गंवाए नजदीकी अस्पताल पहुंचाना ही सबसे सुरक्षित और प्रभावी उपाय है। सर्प विशेषज्ञ ने लोगों से अपील की कि सर्पदंश के मामलों में केवल चिकित्सकीय उपचार पर भरोसा करें और समय पर इलाज कराकर मरीज की जान बचाने में सहयोग करें।