श्री नूतन विद्यालय में पालक संघ का शिक्षा सेवा प्रकल्प, 50 से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों को नि:शुल्क पुस्तकें और स्टेशनरी वितरित | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के श्री नूतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पालक संघ जिला इकाई एवं महिला विंग द्वारा शिक्षा सेवा प्रकल्प के तहत आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए नि:शुल्क शैक्षणिक सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों को पुस्तकें, कॉपियां, नोटबुक और स्टेशनरी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ।

पालक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा ने बताया कि इस सेवा प्रकल्प का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई में सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, पालक संघ के पदाधिकारी, महिला विंग की सदस्याएं, पूर्व छात्र कमलेश शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश भी दिया गया।

Top