नीमच टुडे न्यूज़ | धर्मनगरी नीमच में श्री जैन श्वेतांबर भीड़भंजन ट्रस्ट एवं श्री संघ के तत्वावधान में 26 जुलाई से ज्ञानोत्सव चातुर्मास का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर साध्वी अमी पूर्णा श्रीजी महाराज साहब सहित ठाणा-10 का सानिध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, आराधना एवं विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री संघ अध्यक्ष अनिल नागौरी एवं सचिव मनीष कोठारी ने बताया कि रविवार 26 जुलाई को सुबह 9 बजे मंगल प्रवेश जुलूस जैन भवन से प्रारंभ होगा। शोभायात्रा वीर पार्क रोड, महेश सर्कल, कमल चौक, घंटाघर, जाजू बिल्डिंग और पुस्तक बाजार मार्ग से होकर पुनः जैन भवन पहुंचेगी, जहां धर्मसभा आयोजित होगी। प्रतिदिन सुबह 9:15 से 10:15 बजे तक मिडिल स्कूल मैदान स्थित जैन भवन सभागार में व्याख्यान होंगे। चातुर्मास अवधि में साध्वी वृंद का चार माह तक नीमच में स्थिरवास रहेगा तथा विविध आराधना, तपस्या और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया जाएगा।