विकास नगर में रत्न निधि श्रीजी महाराज के चातुर्मास का मंगल प्रवेश, धर्मसभा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के विकास नगर स्थित श्री जैन श्वेतांबर महावीर जिनालय ट्रस्ट के तत्वावधान में साध्वी रत्न निधि श्रीजी महाराज साहब एवं पुण्य निधि श्रीजी महाराज साहब सहित ठाणा-5 का चातुर्मास मंगल प्रवेश श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। जैन भवन से निकली शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर महावीर जिनालय पहुंची, जहां धर्मसभा आयोजित हुई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने रंगोली, स्वास्तिक और पुष्पवर्षा के साथ साध्वी वृंद का स्वागत किया। धर्मसभा में साध्वी रत्न निधि श्रीजी महाराज ने चातुर्मास को तप, त्याग और आत्मकल्याण का श्रेष्ठ अवसर बताते हुए धर्म आराधना का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि चातुर्मास के चार माह आत्मचिंतन, संयम और तपस्या के लिए समर्पित होने चाहिए। साध्वी अमि दर्शा श्रीजी ने महावीर स्वामी के उपदेशों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया, जबकि साध्वी समवेग प्रिया श्रीजी ने मानवता और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने रात्रि भोजन त्याग, उपवास एवं विभिन्न तप आराधनाओं के संकल्प भी लिए। चातुर्मास के दौरान विविध धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन और तपस्याओं का आयोजन किया जाएगा। बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु धर्म लाभ लेने के लिए उपस्थित रहे।

Top