महू रोड-जमुनिया मार्ग बना मौत का जाल! आधे घंटे में 12 लोगों के फिसलने का दावा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | महू रोड से जमुनिया जाने वाला मार्ग बारिश के बीच लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। सड़क निर्माण कार्य अधूरा होने से पूरे रास्ते पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का दावा है कि केवल पिछले आधे घंटे में ही करीब 12 लोग फिसलकर घायल हो चुके हैं। क्षेत्रवासियों के अनुसार दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, जबकि पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण अधूरा होने और बारिश के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। उनका आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो यहां कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर आमजन को राहत दिलाने की अपील की है।

Top