गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत 27 जुलाई को नीमच में जुटेंगे गौभक्त, कलेक्टर को सौंपा जाएगा ज्ञापन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने तथा गौहत्या पर सख्त कानून बनाने की मांग को लेकर चलाए जा रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत 27 जुलाई को नीमच में गौभक्तों का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कलेक्टर को मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। अभियान के तहत गौसेवक विक्रम सिंह सोनगरा ने नीमच जिले की 36 शासकीय एवं अशासकीय गौशालाओं का भ्रमण कर गौशाला संचालकों एवं गौभक्तों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को सुबह 8 बजे विजय मंत्र कीर्तन का आयोजन होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे गौभक्त एकत्र होकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।विक्रम सिंह सोनगरा ने अधिक से अधिक संख्या में गौभक्तों से कार्यक्रम में शामिल होने, हस्ताक्षर अभियान में सहयोग देने तथा गौ माता की झांकियों के साथ नीमच पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण करना और सरकार तक अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से पहुंचाना है।

Top