नीमच टुडे न्यूज़ | मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस ने ग्राम धनेरिया कला में रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन स्थानीय राजस्व अधिकारी (पटवारी) को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार का पुतला भी दहन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत पाटीदार ने ज्ञापन में परीक्षा संबंधी कथित अनियमितताओं पर संसद में चर्चा कराने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तथा नई दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग रखी। प्रदर्शन में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मधु बंसल, ब्लॉक प्रभारी हिदायत उल्लाह खान, मंडलम अध्यक्ष बाबूलाल अहीर, विष्णु पाटीदार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिला शक्ति की सदस्य उपस्थित रहीं। ज्ञापन का वाचन पूर्व सरपंच विष्णु पाटीदार ने किया।