धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद आज नीमच में कांग्रेस का विजय मार्च, छात्रों के संघर्ष को बताएगी ऐतिहासिक जीत | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जिला कांग्रेस कमेटी नीमच ने अपने पूर्व निर्धारित विरोध कार्यक्रम में बदलाव करते हुए रविवार शाम 6:30 बजे विजय मार्च निकालने की घोषणा की है। कांग्रेस के अनुसार मार्च गांधी भवन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ शुरू होगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि यह मार्च NEET और CBSE परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों, युवाओं और उनके संघर्ष को समर्पित है। उन्होंने दावा किया कि छात्रों के आंदोलन और विपक्ष के लगातार दबाव के बाद सरकार को जवाबदेही तय करनी पड़ी और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा इसी का परिणाम है। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताया है। बाहेती ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूरे आंदोलन के दौरान छात्रों की आवाज संसद से लेकर सड़क तक उठाई, जिससे इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिली। कांग्रेस ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराते हुए उन छात्रों को श्रद्धांजलि देने की भी बात कही है, जिन्होंने परीक्षा से जुड़े तनाव के कारण जान गंवाई। साथ ही प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग भी रखी गई है। जिला कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं, छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में विजय मार्च में शामिल होने की अपील की है।

Top