नीमच टुडे न्यूज़ | केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) मध्य प्रदेश इकाई ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 202.400 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त सफेद बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया गया। कार्रवाई 24 जुलाई को विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर सुसनेर-पिड़ावा मार्ग पर ग्राम सालरिया के पास की गई। सीबीएन की पी एंड आई सेल इंदौर और पी एंड आई सेल गरोठ की संयुक्त टीम ने संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला।
अधिकारियों ने करीब 4 से 5 किलोमीटर तक पीछा किया। बच निकलने की कोशिश में चालक चलते वाहन से कूदकर खेतों की ओर भागा, जबकि अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे नाले में जा रुकी। सीबीएन टीम ने पैदल पीछा कर आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 10 प्लास्टिक कट्टों से कुल 202.400 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। सीबीएन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।