नीमच टुडे न्यूज़ | 'नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0' के तहत नीमच पुलिस ने सोमवार को जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। दशहरा मैदान में चल रहे पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट के माध्यम से युवाओं को "खेलों से जुड़ो, नशे को छोड़ो" का संदेश दिया गया। टूर्नामेंट में ए. यूनियन, नीमच सिटी फुटबॉल क्लब, फ्रेंड्स क्लब और अहीर यूनिवर्सल फुटबॉल क्लब ने अपने-अपने मुकाबले जीते। इसी अभियान के तहत जावद उप जेल में एसडीओपी हर्ष राठौर और थाना प्रभारी ने बंदियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा नशामुक्ति की शपथ दिलाई। साथ ही उन्हें समाज और परिवार को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। इसके अलावा जीरन, मनासा, जावद, नीमच सिटी, रामपुरा और सिंगोली थाना क्षेत्रों में ग्राम चौपाल और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस ने आमजन से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
